दलजीत विक्की |लुधियाना
समर न्यूज
भाजपा नेता गुरदीप सिंह गोशा ने लुधियाना नगर निगम में 1208 कर्मचारियों की भर्ती और तैनाती को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए मेयर मैडम से मांग की है कि इन सभी कर्मचारियों की पूरी सूची सार्वजनिक की जाए।
गोशा ने आरोप लगाया कि इन 1208 कर्मचारियों में से लगभग 90 प्रतिशत के डमी होने का संदेह है। उन्होंने कहा कि विधायकों और मेयर के चहेतों तथा रिश्तेदारों को फायदा पहुंचाए जाने को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब नगर निगम प्रशासन को देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सभी कर्मचारियों के नाम, वार्ड के अनुसार तैनाती, उपस्थिति और ड्यूटी के रिकॉर्ड की जांच करवाई जाए। उन्होंने सफाई के ठेके को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सफाई के नाम पर गलत कंपनी को ठेका देने और कथित तौर पर अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने के संदेह को दूर करने के लिए ठेका देने की पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की जानी चाहिए। कंपनी की योग्यता, ठेके की शर्तों, किए गए भुगतानों और जमीनी स्तर पर हो रहे सफाई कार्य की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।