समर न्यूज | चंडीगढ़
पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और गैंगस्टर हिंसा के मुद्दे पर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ अभियान तेज करने का फैसला किया है। कांग्रेस महासचिव और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट 16 अक्टूबर से पांच दिवसीय दौरे पर निकलेंगे। इस दौरान वह गैंग हिंसा में मारे गए लोगों के
परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
इस दौरे में मोगा, बठिंडा, मानसा, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, तरनतारन और अमृतसर शामिल हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह के अनुसार, कई पीड़ित परिवार महीनों से, जबकि कुछ वर्षों से आरोपियों की गिरफ्तारी, आरोपपत्र दाखिल होने और अदालती कार्रवाई में प्रगति का इंतजार कर रहे हैं।
2027 चुनाव से पहले सियासी रणनीति
कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार संगठित अपराध पर अंकुश लगाने और लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने में नाकाम रही है। पार्टी दौरे के दौरान सामने आने वाली शिकायतों को सरकार के समक्ष उठाने और जरूरत पड़ने पर अदालतों तक ले जाने की योजना बना रही है। यह अभियान 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था को प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बनाने की कांग्रेस की रणनीति का हिस्सा है।