सहजप्रीत सिंह |लुधियाना
समर न्यूज
शहर के जगराओं पुल इलाके में दुर्गा माता मंदिर के सामने एक बार फिर लुधियाना का सबसे बड़ा मेला सज गया है। इस मेले का लोगों को हर साल बेसब्री से इंतजार रहता है। मेले में इस बार मनोरंजन, धार्मिक आस्था और खरीदारी का ऐसा संगम देखने को मिल रहा है, जहां बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के लोगों के लिए कुछ न कुछ खास मौजूद है। अलग-अलग तरह के झूलों से लेकर आकर्षक थीम, खान-पान के स्टॉल और नई गतिविधियों तक, मेले में लोगों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
मेले में करीब 42 से 50 तरह के अलग-अलग झूले लगाए गए हैं। ऊंचाई वाले झूलों के साथ बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए भी कई विकल्प मौजूद हैं। इसके अलावा डायनासोर पार्क तैयार किया गया है। ताजमहल और लंदन ब्रिज के कॉन्सेप्ट भी मेले को अलग पहचान दे रहे हैं। इन विशेष व्यवस्थाओं के चलते मेले में पहुंचने वाले लोगों को मनोरंजन के साथ अलग-अलग थीम देखने का मौका मिल रहा है। इस बार मेले में हॉट एयर बैलून को भी शामिल किया गया है, जो लोगों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है। आमतौर पर हॉट एयर बैलून का अनुभव लेने के लिए लोग मनाली जैसे पहाड़ी पर्यटन स्थलों का रुख करते हैं, लेकिन इस बार मेले में ही लोगों को इसका अनुभव लेने का मौका मिल रहा है। इस नई गतिविधि को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है। हॉट एयर बैलून मेले की खास पेशकशों में शामिल है।
{मेले में 12 ज्योतिर्लिंग का कॉन्सेप्ट, धार्मिक आस्था से जुड़ेगी संगत: मेले में इस बार भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों पर आधारित विशेष कॉन्सेप्ट तैयार किया गया है। इसके माध्यम से लोगों को 12 ज्योतिर्लिंगों की झलक देखने का अवसर मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार, पिछले साल मेले में अमरनाथ की थीम रखी गई थी, जबकि इस बार 12 ज्योतिर्लिंग का कॉन्सेप्ट पेश किया गया है। धार्मिक आस्था से जुड़ी इस प्रस्तुति को देखने के लिए भी लोग मेले में पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही सात वंडर्स शो भी आयोजित किया गया है, जो मेले को एक अलग रूप देता है।
{राजस्थानी खाने से लेकर कपड़ों की दुकानों तक, खरीदारी के भी पूरे इंतजाम: मेले में घूमने के साथ-साथ खाने-पीने और खरीदारी के लिए भी कई विकल्प मौजूद हैं। यहां करीब 10 से 12 तरह के फूड स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें अलग-अलग राज्यों के व्यंजन परोसे जा रहे हैं। राजस्थानी खाने के स्टॉल भी लोगों को विभिन्न स्वादों का अनुभव दे रहे हैं। कपड़ों और अन्य सामान की दुकानें भी लगाई गई हैं।
{सफाई और पार्किंग की व्यवस्था पर भी दिया गया ध्यान: मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को ध्यान में रखते हुए सफाई और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आयोजकों की ओर से मेले में आने वाले लोगों की सुविधा का ध्यान रखने के लिए विभिन्न इंतजाम किए गए हैं। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और बाउंसर तैनात किए गए हैं। पुलिस डिवीजन नंबर-8 की ओर से भी सहयोग दिया जा रहा है।