Summer express, मैसूर। कर्नाटक के मैसूर जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पेरियापटना क्षेत्र में निजी स्लीपर बस और लॉरी की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ, जब बेंगलुरु से केरल के कोझिकोड जा रही बस सामने से आ रही लॉरी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में बस चालक सुनील और कंडक्टर सुनाद शामिल हैं। दोनों कर्नाटक के निवासी थे। तीसरे मृतक की पहचान केरल के कोझिकोड निवासी यात्री आफताब के रूप में हुई है, जबकि चौथे व्यक्ति की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि टक्कर के बाद दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, दो अन्य घायलों ने अस्पताल ले जाने के बाद दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में घायल हुए 31 यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया।