Summer express, अमृतसर। अमृतसर की राम नगर कॉलोनी में एक बंद मकान से मां और बेटे के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है और शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, राम नगर कॉलोनी स्थित एक मकान से लगातार दुर्गंध आ रही थी। इससे परेशान होकर आसपास रहने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर के अंदर जांच की तो वहां मां-बेटे के शव पड़े मिले। दोनों के शरीर पर चोटों के निशान होने की बात सामने आई है। मृतकों की पहचान रितु और उसके बेटे गौरव के रूप में हुई है। शवों की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत कई दिन पहले हुई थी। हालांकि, मौत के सही समय और कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गौरव की शादी दूसरे राज्य की एक युवती से हुई थी। पुलिस इस पहलू समेत मामले से जुड़े अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटनाक्रम और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एडीसीपी वेनिला ने बताया कि बंद मकान से मां-बेटे के शव बरामद किए गए हैं। मामले में हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने मामले को जल्द सुलझाने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने की बात कही है।