Summer express, सुंदर कुंडू, पलवल। पलवल पुलिस ने सस्ते दामों पर सोलर स्ट्रक्चर लगाने का लालच देकर महाराष्ट्र के दो लोगों को ठगी का शिकार बनाने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर पीड़ितों को होडल बुलाकर उनकी अंगूठी छीनने और एटीएम कार्ड के जरिए तीन लाख रुपये निकलवाने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बलेनो कार, एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, 24 हजार रुपये की नकदी और एक फर्जी सिम बरामद की है। यह जानकारी डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र खटाना ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
डीएसपी नरेंद्र खटाना ने बताया कि 14 अक्टूबर को महाराष्ट्र निवासी विवेकानंद और संतोष को आरोपियों ने कम कीमत पर सोलर स्ट्रक्चर और सैटेलाइट लगाने का काम दिलाने का झांसा दिया था। इसी बहाने दोनों को होडल बुलाया गया। आरोप है कि इसके बाद उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर पुनहाना रोड की ओर ले जाया गया, जहां उनसे एक अंगूठी छीन ली गई और उनके एटीएम कार्ड का इस्तेमाल कर तीन लाख रुपये निकलवा लिए गए। पीड़ितों की शिकायत पर होडल थाना में मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान होडल सीआईए पुलिस ने 15 अक्टूबर को पुन्हाना, मेवात निवासी आशिफ और जुबेर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने बल्लभगढ़ निवासी राजकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह मामले में अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
डीएसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के दौरान एक बलेनो कार, एक मोटरसाइकिल, छीनी गई अंगूठी, 24 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक फर्जी सिम बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शामिल आशिफ के खिलाफ दिल्ली में पहले से धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज है।
नरेंद्र खटाना ने बताया कि जांच के दौरान इस मामले में अब तक 10 आरोपियों के नाम सामने आए हैं। इनमें से तीन को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी वारिश समेत सात अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।