Summer express/शिमला/संजू -: शिमला जिले के जुब्बल में नेपाली मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।जांच में हत्या की बात सामने आने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने झगड़े के दौरान मजदूर की हत्या कर उसके शव को सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि घटना दुर्घटना लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी नेपाल भागने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उनकी कोशिश नाकाम करते हुए शिमला आईएसबीटी से गिरफ्तार कर लिया।एएसपी शिमला सिटी मेहर पंवर ने मामले की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार,18 अक्तूबर की रात जुब्बल के दोची के समीप एनएच-705 पर 33 वर्षीय नेपाली मजदूर धीरेन्द्र थापा का शव खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ था।घटनास्थल के पास सड़क से नीचे जाने वाले कच्चे रास्ते पर भी खून के निशान मिले थे।इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मानवीय आसूचना की मदद ली। जांच में पता चला कि घटना से पहले मृतक और दोनों आरोपी एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि झगड़े के दौरान धीरेन्द्र थापा की हत्या कर दी गई और शव को सड़क किनारे छोड़ दिया गया, ताकि मामला सड़क हादसा लगे।वारदात के बाद दोनों आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, वे खड़ापत्थर से एक पिकअप वाहन में लिफ्ट लेकर ठियोग पहुंचे और रात जंगल में बिताई। इसके बाद दोनों नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें शिमला आईएसबीटी से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय सूर्य दमाई उर्फ अनिश, निवासी जिला गुल्मी, और 27 वर्षीय सुमन खड़का, निवासी जिला सल्यान, नेपाल के रूप में हुई है। पुलिस दोनों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।