एजेंसी | नई दिल्ली
अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के साथ केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की तस्वीरें सामने आने के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। ये तस्वीरें अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेजों में शामिल हैं। तस्वीरों में पुरी और एपस्टीन एक मेज के आमने-सामने बैठे दिखाई देते हैं। तस्वीरों में अन्य लोगों के नजर नहीं आने पर विपक्षी नेताओं ने मुलाकातों के स्वरूप और उद्देश्य को लेकर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सोशल मीडिया पर सवाल किया कि पुरी के पहले दिए गए बयानों और सामने आई तस्वीरों के बीच क्या संबंध है। तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने भी पूछा कि यदि मुलाकात प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई थी, तो तस्वीरों में अन्य सदस्य क्यों नहीं दिख रहे। पुरी के कार्यालय ने कहा कि मंत्री को याद नहीं है कि तस्वीर किस मुलाकात की है या उस समय तस्वीर के बाहर अन्य लोग मौजूद थे या नहीं। फरवरी में उन्होंने एपस्टीन से तीन-चार बार मिलने की बात कही थी। ये मुलाकातें अंतरराष्ट्रीय शांति संस्थान से जुड़े काम के सिलसिले में हुई थीं। पुरी ने इन संपर्कों को पेशेवर बताया और एपस्टीन के अपराधों से किसी तरह का संबंध होने से इनकार किया।
}तस्वीरों से अपराध साबित नहीं: तस्वीरें अमेरिकी न्याय विभाग के दस्तावेजों के नौवें सेट में शामिल हैं। केवल तस्वीरों में साथ दिखाई देना किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता का प्रमाण नहीं है। विवाद का केंद्र मुलाकातों का संदर्भ और उनके बारे में दिए गए बयानों की व्याख्या है।