Summer express, जालंधर । त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों की दुकानों पर जांच अभियान चलाते हुए 10 नमूने लिए। इस दौरान शाहकोट में एक दुकान से करीब सवा क्विंटल बासी और बदबूदार मिठाइयां बरामद हुईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। विभाग ने संबंधित दुकानदार का चालान भी किया।
जानकारी के अनुसार, सहायक कमिश्नर खाद्य सुरक्षा राजिंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों प्रभजोत कौर और रवि नंदन की टीम ने नकोदर, शाहकोट सहित आसपास के क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम शाहकोट की इंप्लाइज कॉलोनी स्थित एक दुकान पर पहुंची, जहां बड़ी मात्रा में बासी और दुर्गंधयुक्त मिठाइयां मिलीं। अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इन मिठाइयों को नष्ट करवाया और दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान टीम ने मिल्क केक, बर्फी और सोहन पापड़ी सहित विभिन्न मिठाइयों के कुल 10 नमूने भी एकत्र किए। इन नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए खरड़ स्थित सरकारी प्रयोगशाला में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान त्योहारों के दौरान बाजार में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मिठाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। विभाग की कार्रवाई से मिठाई विक्रेताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया है।