Summer express, जालंधर। मकसूदां मंडी में शुक्रवार सुबह चोरी की वारदात सामने आई, जहां एक आढ़ती के बैग से दो लाख रुपये से अधिक की नकदी चोरी हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी पैदल दुकान पर पहुंचा और मौका पाकर बैग से नकदी निकालकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी घटना दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना नंबर-1 की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित आढ़ती सौरव ने बताया कि मकसूदां मंडी में उसका मशरूम का कारोबार है और शुक्रवार को पैसों का लेन-देन होता है। सुबह करीब 10 बजकर 5 मिनट पर जब उसने अपना बैग चेक किया तो उसमें नकदी नहीं मिली। इसके बाद उसने तुरंत अपने पिता को फोन कर पैसों के बारे में पूछा। पिता ने उसे बैग दोबारा जांचने के लिए कहा। दुकान पर काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई, लेकिन किसी को नकदी के बारे में जानकारी नहीं थी।
इसके बाद दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई। फुटेज में सुबह करीब 10 बजकर 2 मिनट पर एक व्यक्ति दुकान पर आता दिखाई दिया। आरोप है कि वह बैग से नकदी निकालकर वहां से चला गया। आढ़ती के अनुसार, आरोपी दो लाख रुपये से अधिक की रकम लेकर फरार हुआ है।
पीड़ित ने घटना की जानकारी थाना नंबर-1 की पुलिस को दे दी है। पुलिस के अनुसार, दुकानदार के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।