Summer express,आंध्र प्रदेश। आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू जिले में शनिवार सुबह सड़क निर्माण स्थल पर आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा डंपर ट्रक में डीजल भरने के दौरान हुआ। आग ने देखते ही देखते पास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पिकअप ट्रक, डंपर और एक दोपहिया वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए।
पुलिस अधीक्षक अमित बरदार ने बताया कि घटना अनंतगिरी मंडल के पिनाकोटा गांव में सुबह करीब 8:30 बजे हुई। घटनास्थल मुख्य इलाके से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित है। ऐसे में वहां सड़क निर्माण कार्य में लगे कर्मचारी वाहनों में ईंधन भरने के लिए ड्रमों में डीजल लेकर आते हैं। आशंका है कि डंपर का टैंक भरते समय पर्याप्त सावधानी नहीं बरती गई और किसी चिंगारी के कारण आग लग गई।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, यह कोई धमाका नहीं, बल्कि दुर्घटनावश लगी आग का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई है, जबकि जांच के लिए दूसरी टीम के भी घटनास्थल पर पहुंचने की उम्मीद है।
आग सबसे पहले पिकअप ट्रक में लगी और फिर पास खड़े डंपर ट्रक तथा दोपहिया वाहन तक फैल गई। तीनों वाहन आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए। पीटीआई के वीडियो के अनुसार, आग लगने के बाद जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद घटनास्थल के आसपास शवों के अंग बिखरे मिले। एक शव वाहन के अंदर मिला, जबकि दो अन्य शव पास में पाए गए।
पुलिस के अनुसार, पिकअप ट्रक सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार का था। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और आग लगने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।