न्यू शिमला के संदीप शर्मा ने अमूल और FSSAI से की शिकायत, प्रयोगशाला जांच के बाद कार्रवाई की मांग
Summer express/शिमला/ संजू -:लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए अमूल की डार्क फ्रूट एंड नट चॉकलेट में जिंदा कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता की ओर से चॉकलेट में कीड़े रेंगने का वीडियो भी सामने आने का दावा किया गया है। इस मामले को लेकर खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। न्यू शिमला निवासी संदीप शर्मा ने अमूल और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI को शिकायत भेजकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
संदीप शर्मा के अनुसार, उन्होंने 17 अक्टूबर 2026 को ऊना की एक दुकान से अमूल की 40 ग्राम की डार्क फ्रूट एंड नट चॉकलेट खरीदी थी। इसके बाद जब वह चॉकलेट लेकर शिमला पहुंचे और उनके बेटे ने घर पर उसका रैपर खोला, तो उसमें जिंदा कीड़े रेंगते हुए दिखाई दिए। इस घटना के बाद परिवार ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और बच्चों की सेहत को लेकर चिंता जताई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि चॉकलेट की एक्सपायरी डेट मई 2027 थी। ऐसे में एक्सपायरी डेट से कई महीने पहले ही उसमें जिंदा कीड़े मिलने का आरोप गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका कहना है कि अभिभावक बच्चों के लिए भरोसे के साथ खाद्य उत्पाद खरीदते हैं, इसलिए कंपनियों की जिम्मेदारी है कि वे गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें।
संदीप शर्मा ने बताया कि उन्होंने इस मामले में अमूल के कस्टमर केयर पर भी शिकायत दर्ज करवाई थी। हालांकि, उनके आरोप हैं कि कंपनी ने उनसे बातचीत किए बिना और चॉकलेट का निरीक्षण किए बिना ही शिकायत बंद कर दी। उन्होंने दावा किया कि चॉकलेट और उसका रैपर अभी भी उनके पास सुरक्षित हैं और वे जांच के लिए इन्हें संबंधित विभाग को सौंपने के लिए तैयार हैं।शिकायतकर्ता ने खाद्य सुरक्षा विभाग से चॉकलेट का नमूना लेकर अधिकृत प्रयोगशाला में जांच करवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित पक्ष के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।