Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। अंबाला कैंट के महेश नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत टांगरी नदी में शनिवार देर शाम करीब 25 से 26 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नदी में शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक के शव को कीचड़ से बाहर निकाला। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। महेश नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम लोगों ने टांगरी नदी में एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को बाहर निकाला। घटनास्थल पर युवक के पास नशे के इंजेक्शन भी मिले हैं। इसके बाद युवक की मौत नशे के सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
डायल 112 के अधिकारी के अनुसार, टांगरी नदी में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। युवक के पास नशे के इंजेक्शन मिले हैं, लेकिन इससे उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं होता। मृतक की पहचान और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और महेश नगर थाना पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।