Summer express, जालंधर। कुल्हड़ पिज्जा के नाम से चर्चित सहज का फेसबुक लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सहज अस्पताल में भर्ती होने और असहनीय दर्द से परेशान होने की बात कहते नजर आ रहे हैं। लाइव के दौरान उन्होंने अपनी सेहत और पिछले तीन वर्षों से झेल रहे मुश्किल हालात को लेकर भावुक बातें साझा कीं। सहज ने शरीर में जहर होने की आशंका और जांच किए जाने का जिक्र किया। उन्होंने ट्यूमर होने की संभावना भी जताई, हालांकि उनकी बीमारी और इन दावों की अभी तक किसी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है।
‘पिछले तीन साल से नर्क जैसी जिंदगी जी रहा हूं’
फेसबुक लाइव के दौरान सहज ने अपनी मानसिक और शारीरिक परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से नर्क जैसी जिंदगी जी रहे हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ऐसी पहचान मिलेगी, जिसके बाद लोगों की टिप्पणियां सुनते-सुनते वह थक जाएंगे। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य और मौजूदा परिस्थितियों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
‘मेरे जाने के बाद पत्नी और बच्चों को परेशान न करना’
वीडियो में सहज ने लोगों से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि उनके साथ कुछ अनहोनी होती है, तो उनकी पत्नी और बच्चों को ट्रोल न किया जाए और न ही उन्हें परेशान किया जाए। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से लोगों की टिप्पणियों और बातों से परेशान हैं।
सहज का यह वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति, बीमारी और इलाज को लेकर किसी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।