Summer express, जींद। जिले में एक सैनिटरी कारोबारी से तीन करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और रकम नहीं देने पर उसे परिवार सहित जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो संदेश भेजकर कारोबारी पर फिरौती देने का दबाव बनाया। धमकी में यह भी कहा गया कि पुलिस सुरक्षा मिलने के बावजूद उसे अंजाम भुगतना पड़ेगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक उपासना से मुलाकात की और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के साथ पीड़ित कारोबारी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पीड़ित कारोबारी आकाश गर्ग उर्फ सोनू गर्ग के मुताबिक, उन्हें 10 और 17 अक्टूबर को कई बार व्हाट्सएप कॉल आए। कॉल और ऑडियो संदेशों में खुद को रोहतक का सुरेंद्र काला बताने वाले व्यक्ति ने तीन करोड़ रुपये की मांग की। आरोप है कि फिरौती की रकम नहीं देने पर कारोबारी और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। आरोपी ने कथित तौर पर यह भी कहा कि दुकान पर पुलिस सुरक्षा या गार्ड तैनात होने के बावजूद कारोबारी को नहीं छोड़ा जाएगा और उसे रकम देनी ही पड़ेगी।
कारोबारी ने बताया कि उन्होंने 12 अक्टूबर को भी पुलिस अधिकारियों को इस मामले की जानकारी दी थी। इसके बावजूद लगातार मिल रही धमकियों से परिवार में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि फिरौती और जान से मारने की धमकियों जैसी घटनाओं से शहर के कारोबारियों में भय बढ़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में तेजी से कार्रवाई करने और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
व्यापार मंडल के प्रधान महावीर कंप्यूटर के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल एसपी उपासना से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने कारोबारी और उसके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग रखी। एसपी ने व्यापारियों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए बताया कि मामले की जांच सीआईए-1 की टीम को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को पकड़ने के लिए जांच की जा रही है। साथ ही पीड़ित कारोबारी की सुरक्षा के लिए दो गनमैन भी उपलब्ध कराए गए हैं।