Summer express, बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में आग लगने और धुआं भरने से यात्रियों में हड़कंप मच गया। कोच से धुआं निकलता देख यात्रियों ने तत्काल चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी। इसके बाद कोच में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कुछ ही देर में पूरे कोच में घना धुआं फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यात्रियों के मुताबिक, कोच में आग बुझाने के लिए लगाए गए अग्निशमन उपकरण जरूरत पड़ने पर नहीं खुल पाए। इससे आग पर शुरुआती स्तर पर काबू पाने में परेशानी हुई। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आधे घंटे से अधिक समय तक प्रयास करने के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान ट्रेन काफी देर तक रेलवे फाटक पर खड़ी रही।
चार्जिंग पॉइंट से चिंगारी निकलने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोच में लगे चार्जिंग पॉइंट से चिंगारी निकलने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। घटना की वजह जानने के लिए विस्तृत जांच की आवश्यकता है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
सीओ राजेश सोलंकी ने बताया कि ट्रेन के स्लीपर कोच में आग लगने की सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने तक दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पा चुकी थी। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल रहा और उन्हें अपनी आगे की यात्रा को लेकर चिंता बनी रही।