Summer express, फरीदाबाद। कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी हत्याकांड में वांछित गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया को अमेरिका में हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद फरीदाबाद पुलिस सक्रिय हो गई है। जानकारी के अनुसार, नीरज को गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के साथ लास वेगास क्षेत्र में अमेरिकी इमिग्रेशन एजेंसी ने हिरासत में लिया। हरियाणा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां दोनों आरोपियों को भारत लाने के लिए अमेरिकी अधिकारियों के संपर्क में हैं। फरीदाबाद पुलिस पहले ही नीरज के प्रत्यर्पण की सिफारिश केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज चुकी है।
एसीपी क्राइम वरुण दहिया के अनुसार, पुलिस को नीरज फरीदपुरिया को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिली है। इस संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। नीरज पर फरीदाबाद और पलवल सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अवैध हथियार रखने और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों के 25 से अधिक मामले दर्ज बताए जाते हैं। इनमें फरीदाबाद और पलवल में करीब 12-12 मामले शामिल हैं।
26 जून 2019 को फरीदाबाद में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले की जांच के दौरान नीरज फरीदपुरिया का नाम सामने आया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी उसके फरीदपुर गांव स्थित मकान पर छापेमारी कर चुकी है। अब अमेरिका में हिरासत में लिए जाने के बाद भारतीय एजेंसियां उसे देश वापस लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने में जुटी हैं।
नीरज फरीदपुरिया के नाम से जुड़ा रंगदारी का मामला जुलाई 2024 में पलवल में सामने आया था। आरोप के मुताबिक, चांदहट गांव निवासी योगेश कुमार को फोन कर एक करोड़ रुपये की मांग की गई थी। फोन करने वाले ने खुद को नीरज फरीदपुरिया बताते हुए रकम नहीं देने पर योगेश और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। पलवल में उसके खिलाफ हत्या समेत कई अन्य गंभीर आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। आरोप रहे हैं कि विदेश में रहते हुए वह फोन और अपने कथित नेटवर्क के माध्यम से रंगदारी की गतिविधियां संचालित करता था।
नीरज फरीदपुरिया को वर्ष 2012 में हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। वर्ष 2015 में अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि, वर्ष 2019 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह विदेश चला गया। इसके बाद विकास चौधरी हत्याकांड सहित अन्य मामलों में उसकी तलाश जारी रही।
अक्टूबर 2022 में एनआईए ने फरीदाबाद के फरीदपुर गांव स्थित नीरज फरीदपुरिया के घर पर छापेमारी की थी। इससे पहले पुलिस और नगर निगम की कार्रवाई के दौरान गांव में बने उसके करीब 350 वर्ग गज के मकान को ढहा दिया गया था। अब अमेरिका में हिरासत में लिए जाने के बाद जांच एजेंसियों की नजर उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पर है। हालांकि, उसे भारत लाने की तारीख और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।