Summer express, रोहतक I हरियाणा के रोहतक में अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वरना कार ने सैर के लिए जा रही मां-बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में बेटी उछलकर सड़क किनारे जा गिरी, जबकि उसकी मां कार के नीचे फंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में फरमाणा निवासी सुमित को गिरफ्तार किया है।
राम गोपाल कॉलोनी निवासी नीलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे वह अपनी मां कृष्णा देवी के साथ रोजाना की तरह देवीलाल पार्क में सैर करने जा रही थीं। सुबह करीब 4:45 बजे जब वे जाट भवन के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार सफेद वरना कार ने दोनों को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से नीलम उछलकर सड़क किनारे जा गिरीं, जबकि उनकी मां कृष्णा देवी कार के आगे गिर गईं। शिकायत के अनुसार, इसके बाद चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी, जिससे कृष्णा देवी कार के नीचे फंस गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद महिला को कार के नीचे से बाहर निकाला।
नीलम ने पुलिस को बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने कार में सवार दो व्यक्तियों को बाहर निकाला। उन्हें देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उन्होंने शराब का सेवन किया हुआ था। इसके बाद घायल कृष्णा देवी को उपचार के लिए पहले पीजीआईएमएस ले जाया गया और फिर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
शिकायत के मुताबिक, हादसे के बाद दोनों कार सवारों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने फरमाणा निवासी सुमित को गिरफ्तार किया है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें सड़क किनारे चल रही दो महिलाओं को पीछे से आती तेज रफ्तार कार टक्कर मारती दिखाई दे रही है। फुटेज में घटना का समय सुबह करीब 4:47 बजे दर्ज है।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।