Summer express/ऊना, राकेश -:भाजपा विधायक सतपाल सत्ती की बीमारी को लेकर किए गए व्यंग्य पर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि महाभारत के युद्ध की शुरुआत भाजपा नेताओं ने की है, इसलिए कांग्रेस माफी नहीं मांगेगी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेता पहले अपने बयानों के लिए माफी मांगते हैं, तो कांग्रेस भी अपनी गलतियों पर विचार कर सकती है। अन्यथा भाजपा नेताओं को उनके ही अंदाज में जवाब दिया जाएगा।
ऊना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सतपाल रायजादा ने भाजपा नेताओं राजीव बिंदल, सतपाल सत्ती, अजय जोशी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दिए गए बयानों को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मीडिया के सामने प्रदर्शित किया। रायजादा ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं के बयानों से महिलाओं के प्रति उनकी सोच और सम्मान का अंदाजा लगाया जा सकता है।
सत्ती की बीमारी पर बोले रायजादा—टिप्पणियों के बाद मंच साझा करना किया बंद
सतपाल सत्ती की बीमारी को लेकर उठे विवाद पर सफाई देते हुए रायजादा ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले कांग्रेस नेताओं के बीच सत्ती की बीमारी को लेकर कोई चर्चा नहीं हो रही थी। उन्होंने कहा कि होटल से जुड़े मामले में सतपाल सत्ती द्वारा उन पर की गई टिप्पणियों के बाद उन्होंने उनके साथ मंच साझा करना बंद कर दिया था। ऐसे में उनकी बीमारी के बारे में जानकारी लेने का सवाल ही पैदा नहीं होता।
प्रियंका और सोनिया गांधी के अपमान का लगाया आरोप
रायजादा ने भाजपा नेताओं पर प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और सिमी अग्निहोत्री का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा नेताओं को अपने बयानों के लिए माफी मांगनी चाहिए। रायजादा ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता इससे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
‘आग उगलने वाले नेताओं को देंगे जवाब’
कांग्रेस नेता ने चेतावनी देते हुए कहा कि आग उगलने वाले नेताओं के मुंह सील किए जाएंगे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस लड़ाई को सीधे और लोकतांत्रिक तरीके से लड़ेगी। पार्टी अपनी विचारधारा को आगे बढ़ाने के साथ अन्य दलों को भी बातचीत के माध्यम से साथ लेकर चलने का प्रयास करेगी।रायजादा ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से चुनावी बदलाव लाने के लिए प्रयासरत रहेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में कोई चुनाव नहीं लड़ा जाएगा।