Summer express, बलिंदर कुमार, कैथल। कैथल जिले को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस ने बुधवार सुबह फतेहपुर पूंडरी में संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया। डीएसपी सुशील प्रकाश के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में करीब 100 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने सूंघने वाले प्रशिक्षित कुत्ते की मदद से संदिग्ध नशा तस्करों के लगभग 10 घरों की जांच की और आसपास के अन्य स्थानों पर भी तलाशी ली।
पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में पूंडरी थाना प्रभारी पीएसआई सुनील कुमार और एसडीयू प्रभारी पीएसआई संदीप कुमार की टीमें भी शामिल रहीं। तलाशी के दौरान यह जांच की गई कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े संभावित ठिकानों की भी जांच की गई।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और नशा तस्करी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। पुलिस का लक्ष्य कैथल को नशामुक्त बनाना है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि उन्हें कहीं मादक पदार्थों की बिक्री या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वे बिना किसी डर के पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अभियान के दौरान लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक भी किया गया।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक जिले में नशा तस्करी से जुड़े 189 मामलों में 302 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। डीएसपी ने कहा कि नशा तस्करी और अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने और नशे के कारोबार की जानकारी साझा करने की अपील की।