Summer express, कोलकाता। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से पश्चिम बंगाल में मौसम बिगड़ने की आशंका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों में 31 अक्टूबर तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। मंगलवार को तटीय और दक्षिणी जिलों के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के तटीय और पश्चिमी इलाकों में शुक्रवार सुबह तक, जबकि उप-हिमालयी क्षेत्रों में शनिवार तक भारी बारिश हो सकती है।
आईएमडी के मुताबिक, चक्रवात बुधवार तड़के करीब 1:20 बजे आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराया। उस समय यह अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान था। इसकी निरंतर हवा की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि हवा के झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रहे थे।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों के तटीय इलाकों में मंगलवार शाम से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। कोलकाता में मंगलवार शाम 5:30 बजे से बुधवार सुबह 8:30 बजे तक 19.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बुधवार को शहर में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
विभाग के अनुसार, पूर्व मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा और पुरुलिया में शुक्रवार सुबह तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में शनिवार सुबह तक तेज बारिश होने का अनुमान है।
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। अधिकारियों के अनुसार, कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानें रद्द हुईं या प्रभावित रहीं। एहतियात के तौर पर मौसम विभाग ने मछुआरों को बृहस्पतिवार तक पश्चिम बंगाल के तट के पास और समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी है।