सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
दिवाली से पहले ही फेस-7 मार्केट में रेहड़ी-फड़ी वालों की पर्चियां काटने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मार्केट प्रधान सरबजीत सिंह पारस ने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि निगम की ओर से पोस्ट ऑफिस के पास करीब 60 से 70 रेहड़ी-फड़ी वालों की पर्चियां काटी गईं, जबकि वहां इतनी बड़ी संख्या में रेहड़ियां लगाने के लिए पर्याप्त जगह ही उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने कहा कि उचित व्यवस्था किए बिना पर्चियां काटने के कारण दुकानदारों में रोष पैदा हुआ। उन्होंने बताया कि बाद में दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों के बीच पैदा हुई स्थिति को देखते हुए नगर निगम की ओर से फैसला लिया गया कि जिस रेहड़ी-फड़ी वाले की एक दिन की पर्ची काटी गई है, उसे एक दिन और जिसकी दो दिन की पर्ची काटी गई है, उसे दो दिन स्टॉल लगाने की अनुमति दी जाएगी। मार्केट प्रधान ने कहा कि यह व्यवस्था व्यापारियों के हित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारियों ने जब दिवाली के स्टॉल लगाने के लिए नगर निगम से अनुमति मांगी थी, तो उन्हें अनुमति नहीं दी गई, जबकि दूसरी ओर रेहड़ी-फड़ी वालों की पर्चियां काट दी गईं।
एक तरफ जगह उपलब्ध करवाई जाएगी : तरलोचन सिंह बैदवान
तरलोचन सिंह बैदवान ने बताया कि बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच यह सहमति बनी कि जिन रेहड़ी-फड़ी संचालकों को नगर निगम की ओर से रसीदें जारी की गई हैं, उन्हें बाजार क्षेत्र में एक तरफ जगह उपलब्ध करवाई जाएगी। ये विक्रेता अपनी निर्धारित जगहों पर उतनी ही अवधि तक कारोबार कर सकेंगे, जितनी अवधि उनकी नगर निगम की रसीदों पर दर्ज है।
दस रुपये प्रति वर्ग फीट के हिसाब से काटी गईं पर्चियां : असिस्टेंट कमिश्नर
नगर निगम के असिस्टेंट कमिश्नर मनप्रीत सिंह ने कहा कि शोरूम संचालकों और वेंडरों से दस रुपये प्रति वर्ग फुट के हिसाब से पर्चियां काटी गई हैं। उन्होंने बताया कि आपसी विवाद के बाद दुकानदारों की ओर से शिकायत की गई थी कि यह व्यवस्था उनके लिए काफी महंगी पड़ रही है। जिसके बाद रेहड़ी-फड़ी वालों को समझाकर उचित स्थान पर ठेलियां लगवा दी गई हैं।
रेहड़ी-फड़ी वालों के समर्थन में आए भाजपा पार्षद संजीव वशिष्ठ
मोहाली। भाजपा के जिला अध्यक्ष संजीव वशिष्ठ ने मोहाली के फेज-7 में रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले दुकानदारों के खिलाफ नगर निगम की टीम की कथित कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंने दिवाली के त्योहार से पहले छोटे कारोबारियों को हो रही परेशानी पर चिंता जताते हुए नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए। संजीव वशिष्ठ ने कहा कि जिन रेहड़ी-फड़ी वालों ने निर्धारित फीस जमा करवाई है और उनके पास इसकी वैध रसीदें भी हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करना उचित नहीं है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों पर कथित तौर पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सभी कारोबारियों के साथ निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवहार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिवाली के मद्देनजर कई छोटे कारोबारियों ने लाखों रुपये का सामान खरीदकर अपनी दुकानें तैयार की हैं।
पर्चियां काटने के बावजूद सामान उठाने और तोड़फोड़ का आरोप, आभा बंसल ने निगम कमिश्नर से हस्तक्षेप की मांग की
मोहाली। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष आभा बंसल ने आरोप लगाया कि रेहड़ी-फड़ी वालों की पर्चियां काटे जाने के बावजूद निगम की टीम ने मंगलवार रात और बुधवार दोपहर कार्रवाई की। इस दौरान सामान उठाने, उसे इधर-उधर फेंकने और तोड़फोड़ करने के साथ धक्का-मुक्की किए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं। रेहड़ी-फड़ी वालों का कहना है कि इस कार्रवाई से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। आभा बंसल ने कहा कि दिवाली को देखते हुए रेहड़ी-फड़ी वालों ने बिक्री के लिए लाखों रुपये का सामान जुटाया था। ऐसे समय में सामान उठाए जाने और टूटने-फूटने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रेहड़ी-फड़ी वाले भी मेहनत करके अपने परिवार का गुजारा करते हैं। नगर निगम को कार्रवाई से पहले उनकी समस्याओं और परिस्थितियों को समझना चाहिए था।