Summer express/चम्बा/ मंजूर पठान -:हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र पांगी घाटी को जोड़ने वाले प्रसिद्ध पर्यटन स्थल साच पास पर सर्दियों की आहट के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। करीब 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस दर्रे में इन दिनों कोहरा छाने लगा है, जिससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
कोहरे और अत्यधिक ठंड के कारण सड़क पर वाहनों के स्किड होने का खतरा बना हुआ है। इसी को देखते हुए चुराह प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पांगी घाटी की ओर जाने वाले लोग सुबह और शाम के समय सफर करने से बचें तथा मौसम साफ रहने पर ही अपनी यात्रा शुरू करें।इस संबंध में एसडीएम चुराह राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि क्षेत्र में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है और साच पास में कोहरा छाने से आवागमन जोखिम भरा हो सकता है। उन्होंने वाहन चालकों को सलाह दी कि सुबह-शाम यात्रा करने के बजाय दोपहर के समय मौसम की स्थिति का जायजा लेकर ही सफर करें। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।