Summer express, नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली को देखते हुए राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। दिल्ली यातायात पुलिस ने शनिवार को जानकारी दी कि रैली के मद्देनजर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे। मध्य दिल्ली के प्रमुख चौराहों पर वाहनों की आवाजाही को स्थिति के अनुसार दूसरे रास्तों पर भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस के मुताबिक, नेताजी सुभाष मार्ग टी-प्वाइंट, राजघाट, दिल्ली गेट, आईटीओ ए-प्वाइंट, अजमेरी गेट लालबत्ती, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, तुर्कमान गेट और मीरदर्द चौक के आसपास यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। इसके अलावा आईटीओ से दिल्ली गेट के बीच बहादुर शाह जफर मार्ग, राजघाट से अजमेरी गेट तक जवाहरलाल नेहरू मार्ग, अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड, देशबंधु गुप्ता रोड और बाराखंभा रोड पर भी वाहनों का दबाव बढ़ सकता है।
पुलिस ने बताया कि कमला मार्केट और हमदर्द चौक के आसपास भी यातायात प्रभावित होने की आशंका है। रैली के दौरान व्यवस्था संभालने के लिए मध्य रेंज में अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ये कर्मचारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने, जाम की स्थिति से निपटने और रैली में शामिल होने वाले लोगों को निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंचने में मदद करेंगे।
रैली स्थल के आसपास यातायात प्रबंधन के साथ लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल के पास आपातकालीन वाहनों के लिए अलग रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा। वाहन चालकों के लिए रेलवे पार्किंग क्षेत्र, दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के पार्किंग स्थलों और राजघाट पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यातायात पुलिस के अनुसार, बहादुर शाह जफर मार्ग, राजघाट-जेएलएन मार्ग, डीबीजी रोड और मिंटो रोड पर बसों की आवाजाही भी नियंत्रित की जा सकती है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है। डीबीजी रोड की ओर से स्टेशन जाने वाले लोग चेल्म्सफोर्ड रोड, कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, पूर्वी दिल्ली से आने वाले यात्रियों को आईटीओ, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग और भवभूति मार्ग से स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि इंडिया गठबंधन ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर रामलीला मैदान में बड़ी रैली आयोजित करने की योजना बनाई है। गठबंधन की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की गई है। इसके अलावा, रैली के दिन दोपहर 12 बजे मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक मार्च निकालने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।