Summer express/मंडी, धर्मवीर– सरकाघाट क्षेत्र के समाजसेवी चंद्रमोहन शर्मा ने उन युवाओं को भी विदेश में रोजगार देने का बीड़ा उठा लिया है जिनके पास न तो कोई ट्रेड है और न ही कोई डिप्लोमा। दो रोजगार मेलों के माध्यम से विदेश में लगभग 900 युवाओं को रोजगार दिलाने वाले चंद्रमोहन शर्मा के पास ऐसे युवाओं का विशेष निवेदन आया था कि इन्हें भी विदेश में रोजगार दिलाया जाए।
युवाओं की इसी मांग पर कार्रवाई करते हुए चंद्रमोहन शर्मा ने स्कैफफोल्डिंग के ट्रेड में युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने की सोची। उन्होंने विदेश से एक्सपर्ट को यहां बुलाया और इन युवाओं के लिए तीन दिवसीय ट्रेनिंग कैंप लगाया। चंद्रमोहन शर्मा ने बताया कि इस कैंप के बाद अब युवाओं के इंटरव्यू लिए जा रहे हैं, जिसमें 150 युवा भाग ले रहे हैं। इनमें से 120 का चयन किया जाएगा जिन्हें विदेश में स्कैफफोल्डर की नौकरी दी जाएगी। इन युवाओं को काम के आधार पर 40 से 70 हजार का वेतन दिया जाएगा।
वहीं, ट्रेनिंग कर चुके युवाओं ने इस अनुकंपा के लिए चंद्रमोहन शर्मा का आभार जताया और बताया कि उन्हें इसके माध्यम से काफी कुछ सीखने को मिला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वे इंटरव्यू में कामयाब होकर विदेश में नौकरी करने के लिए जा पाएंगे।
दो रोजगार मेलों का कर चुके हैं आयोजन
बता दें कि चंद्रमोहन शर्मा ने सरकाघाट और आस पास के क्षेत्र के युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने का बीड़ा उठाया है। वे अब तक दो रोजगार मेलों का आयोजन करके लगभग 900 युवाओं को विदेश में रोजगार के लिए भेज चुके हैं। जल्द ही तीसरे रोजगार मेले का आयोजन भी किया जाएगा।