Summer express, जम्मू । जम्मू-कश्मीर में दरबार मूव की परंपरा के तहत छह महीने बाद प्रशासनिक गतिविधियां एक बार फिर जम्मू से शुरू हो गई हैं। गर्मियों के दौरान श्रीनगर से संचालित होने वाला सिविल सचिवालय अब जम्मू पहुंच गया है। सोमवार से जम्मू स्थित सिविल सचिवालय में कामकाज शुरू होने के साथ ही जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी के रूप में जम्मू में प्रशासनिक व्यवस्था सक्रिय हो गई है।
सिविल सचिवालय खुलने के बाद केंद्र शासित प्रदेश के सभी सरकारी विभाग अब जम्मू से अपना कामकाज संचालित करेंगे। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला अपने काफिले के साथ सिविल सचिवालय पहुंचे। इस दौरान उनके मंत्रिमंडल के सदस्य और अन्य मंत्री भी मौजूद रहे। सचिवालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
सचिवालय में कामकाज शुरू होने के साथ ही आम लोगों के लिए भी मंत्रियों से मुलाकात का रास्ता खुल गया है। अब जम्मू और आसपास के क्षेत्रों के लोग अपनी समस्याओं और सरकारी कामकाज से जुड़े मामलों को लेकर मंत्रियों से मिल सकेंगे। मंत्री निर्धारित व्यवस्था के तहत लोगों की शिकायतें सुनेंगे और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देंगे।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में दरबार मूव के तहत गर्मियों में सिविल सचिवालय श्रीनगर से संचालित होता है, जबकि सर्दियों में प्रशासनिक कामकाज जम्मू से किया जाता है। इसी व्यवस्था के तहत छह महीने बाद सचिवालय के जम्मू पहुंचने से यहां सरकारी गतिविधियों में तेजी आएगी।