Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला छावनी में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की यमुनानगर यूनिट ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20.42 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पंजाब से हेरोइन लाकर अंबाला में इसकी सप्लाई करता था।
जानकारी के अनुसार, स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम अंबाला छावनी क्षेत्र में नशा विरोधी गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि प्रिंस नाम का युवक पंजाब से हेरोइन लेकर अंबाला पहुंच रहा है। वह बस अड्डे पर उतरने के बाद रेलवे स्टेशन की तरफ जाने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने जीटी रोड फ्लाईओवर के नीचे महाराजा ढाबे के सामने नाकाबंदी कर दी।
कुछ देर बाद बताए गए हुलिये के आधार पर पुलिस ने युवक को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 20.42 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ नशा तस्करी से संबंधित कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारी संदीप शर्मा के अनुसार, आरोपी चंडीगढ़ में मजदूरी का काम करता था। इसके साथ ही वह पंजाब से नशीला पदार्थ लाकर अंबाला में बेचने का काम भी कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पंजाब में किससे हेरोइन खरीदता था और इस तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि नशे की सप्लाई के स्रोत तक पहुंचने के लिए संबंधित स्थानों पर भी दबिश दी जाएगी।