Summer express, अंबाला, (अंकुर कपूर) | अंबाला छावनी के बाजारों में त्योहारी सीजन के दौरान बढ़ते अतिक्रमण को लेकर नगर परिषद ने सोमवार को कार्रवाई की। बाजारों में दुकानदारों की ओर से दुकानों के बाहर सामान रखने और अस्थायी तौर पर स्टॉल व टेंट लगाने के कारण रास्ते संकरे हो गए थे। इससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की शिकायतों के बाद नगर परिषद की टीम पुलिस बल के साथ बाजारों में पहुंची और दुकानदारों का बाहर रखा सामान दुकानों के अंदर करवाकर रास्ते खुलवाए।
त्योहारी सीजन के चलते बाजारों में पहले से ही ग्राहकों की भीड़ बढ़ रही है। दिवाली नजदीक होने के कारण खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंच रहे हैं। ऐसे में दुकानदारों के बाहर सामान रखने और कुछ बाहरी लोगों की ओर से बीच बाजार में सामान बेचने के लिए जगह घेरने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। बाजारों में कई जगह अस्थायी टेंट भी लगाए गए थे, जिससे रास्ते और संकरे हो गए थे। इसी स्थिति को देखते हुए नगर परिषद की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
नगर परिषद की कार्रवाई का दुकानदारों ने विरोध किया। दुकानदारों का कहना था कि त्योहारों के दौरान कारोबार बढ़ने के कारण उन्होंने कुछ सामान दुकानों के बाहर रखा हुआ है। यह उनका कमाई का महत्वपूर्ण समय है और ऐसे में सामान अंदर रखने के आदेश से उनके कारोबार पर असर पड़ेगा। दुकानदार जतिन दुआ ने आरोप लगाया कि नगर परिषद की टीम विशेष रूप से मोबाइल दुकानदारों को निशाना बना रही है। उनका कहना था कि टीम हर चार-पांच दिन में बाजार पहुंचकर दुकानों के बाहर लगे बोर्ड और अन्य सामान अंदर करवाती है। दुकानदारों ने अधिकारियों से त्योहारी सीजन खत्म होने तक कुछ छूट देने की मांग भी की, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।
दुकानदारों ने कार्रवाई के दौरान लगातार विरोध जताया, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी के कारण वे ज्यादा देर तक विरोध नहीं कर सके। वहीं, नगर परिषद अंबाला छावनी के मुख्य सफाई निरीक्षक सुनील दत्त ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए दुकानदारों ने दुकानों के बाहर काफी सामान रख लिया था। इसके कारण लोगों को बाजारों से निकलने में परेशानी हो रही थी। इस संबंध में नगर परिषद को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर टीम ने बाजारों का दौरा कर सामान दुकानों के अंदर करवाया है।
सुनील दत्त ने दुकानदारों से अपील की कि वे अपना कारोबार अपनी सुविधानुसार करें, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि बाजारों में आम लोगों की आवाजाही बाधित न हो। रास्तों को खुला रखना जरूरी है, ताकि खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।