Summer express, हांसी | हांसी के जींद रोड स्थित जैन राइस मिल में सोलर प्लेट लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शेड के ऊपर काम कर रहा 26 वर्षीय कर्मचारी पारदर्शी फाइबर प्लेट टूटने से करीब 30 से 35 फीट नीचे जा गिरा। गंभीर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान छोटी सातरोड निवासी बादल पुत्र रामलाल के रूप में हुई है। वह हिसार की एक सोलर कंपनी में साइड इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और करीब एक साल पहले ही कंपनी से जुड़ा था।
जानकारी के अनुसार, जैन राइस मिल में सोलर प्लेट लगाने का काम चल रहा था। इलेक्ट्रिकल से संबंधित कार्य के लिए कंपनी ने बादल और उसके सहयोगी अक्षय को साइट पर भेजा था। दोनों शेड के ऊपर काम कर रहे थे। इसी दौरान शेड में लगी पारदर्शी फाइबर प्लेट अचानक टूट गई और बादल नीचे कमरे के फर्श पर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मृतक के चाचा श्यामलाल ने बताया कि शेड की कुछ प्लेटों के बीच पारदर्शी फाइबर प्लेट लगाई गई थी। उस पर धान की धूल जमा होने के कारण वह सामान्य प्लेट जैसी दिखाई दे रही थी। बादल का पैर जैसे ही उस पर पड़ा, प्लेट टूट गई और वह नीचे गिर गया। हादसे के तुरंत बाद कंपनी की निजी गाड़ी से उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बादल तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। परिजनों के मुताबिक, उसके माता-पिता दोनों बीमार रहते हैं, जबकि उसके छोटे भाई को लकवा है। ऐसे में परिवार की आर्थिक और घरेलू जिम्मेदारियां मुख्य रूप से बादल ही संभाल रहा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे के बाद परिजनों ने सोलर कंपनी पर सुरक्षा के मामले में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बादल को जमीन से करीब 35 से 40 फीट की ऊंचाई पर काम करने के लिए भेजा गया था, लेकिन उसके पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण नहीं थे। परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
वहीं, कंपनी के साइट इंचार्ज चंदन पाठक ने परिजनों के आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए बताया कि कंपनी के नियमों के अनुसार कर्मचारियों को कार्यालय पहुंचने और साइट पर जाने के बाद जियो-टैगिंग के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करनी होती है। साइट पर काम करने वाले प्रत्येक कर्मचारी के लिए सुरक्षा उपकरण पहनना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि बादल ने हेलमेट पहने हुए अपनी सेल्फी भी उन्हें भेजी थी।
अनाज मंडी चौकी इंचार्ज पीएसआई अनिल ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाद में सामान्य अस्पताल गई, जहां बादल की मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।