Summer express, गुरुग्राम | दिवाली के त्योहार को देखते हुए अवैध रूप से पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस तथा सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में टीम ने बादशाहपुर इलाके में एक मकान की छत पर अवैध रूप से पटाखे बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 186 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ बादशाहपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के बदायूं का रहने वाला अंकित बादशाहपुर में सब्जी मंडी के पास रहता है और अपने मकान की छत पर अवैध रूप से पटाखों की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीएम फ्लाइंग की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
इसके बाद एसआई नरेंद्र और एसआई करण सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई। मौके पर पहुंची टीम ने मकान की छत पर जांच की तो वहां बड़ी मात्रा में पटाखे रखे मिले। टीम ने मौके से अंकित को काबू कर लिया और करीब 186 किलो पटाखे अपने कब्जे में ले लिए।
पुलिस ने बरामद पटाखों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ बादशाहपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कराया है। मामले की जांच की जा रही है कि आरोपी पटाखों की बिक्री कहां से कर रहा था और उसके पास इनके भंडारण एवं बिक्री की अनुमति थी या नहीं।
त्योहारी सीजन में सुरक्षा और प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और सीएम फ्लाइंग की टीमें अवैध पटाखों की बिक्री तथा भंडारण पर निगरानी रख रही हैं।