Summer express, मोगा। पंजाब के मोगा जिले के बाघापुराना इलाके में दीवाली की शाम उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब दो गाड़ियों में सवार होकर आए कुछ लोगों ने एक बस्ती में अंधाधुंध गोलियां चला दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश के चलते करीब 7 से 8 राउंड फायरिंग की गई।
गोलीबारी के दौरान अपने घर की छत पर खड़ा एक व्यक्ति गोलियों की चपेट में आकर घायल हो गया। घायल की पहचान 35 वर्षीय जगजीत सिंह निवासी बाघापुराना के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। उसे पहले बाघापुराना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए मोगा के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फायरिंग की सूचना मिलते ही बाघापुराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वारदात से जुड़े तथ्यों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई।
मौके पर पहुंचे डीएसपी बाघापुराना जसविंदर सिंह खैहरा ने बताया कि गोलीबारी में जगजीत सिंह घायल हुआ है और फिलहाल उसकी हालत ठीक है। उन्होंने कहा कि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घायल के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनके आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों गुटों के बीच रंजिश और फायरिंग के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है।