Summer express/बिलासपुर, सुभाष– जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत कल्लर के तुनु गांव में शॉर्ट सर्किट के कारण एक गौशाला में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी गौशाला जलकर राख हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, तुनु गांव में स्थित यह गौशाला तीन भाइयों रूप लाल, संतराम और सीता राम की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गौशाला में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग ने कुछ ही समय में पूरी गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भवन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई और घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, जब तक दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक आग पूरी गौशाला को अपनी चपेट में ले चुकी थी और गौशाला जलकर राख हो गई थी।वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत प्रधान भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवार से मिलकर नुकसान का जायजा लिया। इस अग्निकांड से तीनों भाइयों को काफी नुकसान हुआ है।फिलहाल आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद प्रभावित परिवार को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।