हरजीत सिंह काका | लुधियाना समर न्यूज
नेत्रहीन एकता एसोसिएशन पंजाब के प्रतिनिधिमंडल ने दिवाली के अवसर पर पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और आप विधायक गुरदित्त सिंह सेखों से मुलाकात कर अपनी लंबित मांगों को लेकर मांग-पत्र सौंपा। एसोसिएशन के प्रधान निर्मल सिंह बरड़वाल ने बताया कि नेत्रहीनों की प्रमुख मांगों में खाली आरक्षित पदों पर तुरंत भर्ती, मासिक पेंशन 1500 रुपये से बढ़ाकर 5000 रुपये करना और लुधियाना के जमालपुर स्थित इंस्टीट्यूट फॉर द ब्लाइंड में जरूरी सुधार करना शामिल है। नेत्रहीन शिक्षकों की वेतन संबंधी विसंगतियां दूर करने की मांग भी उठाई गई।
विधायक गुरदित्त सेखों ने मांगों का जल्द समाधान करवाने का भरोसा दिया। वहीं, स्पीकर संधवां ने मांगों को जायज बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ प्रतिनिधिमंडल की बैठक करवाने का आश्वासन दिया।