Summer express, सोनीपत। जिले के गांव ताजपुर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक कैंटर चालक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी मुकेश उर्फ भालू (35) के रूप में हुई है। उनके सिर पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर उनकी हत्या की गई है। परिजनों ने गांव के ही दो युवकों पर हत्या में शामिल होने का शक जताया है। सूचना मिलने पर मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मुकेश कैंटर चलाते थे। सोमवार रात वह गांव के ही दो युवकों के साथ थे। मंगलवार सुबह उनका शव गांव ताजपुर के खेत में पड़ा मिला। उनके सिर पर गंभीर चोटों के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई गई। घटना की सूचना फैलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से एक डंडा भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है।
परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में गांव के दो युवकों पर संदेह जताया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस परिजनों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
मुकेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में पत्नी मंजू और चार बच्चे शंकर, प्रिया, प्रियांशी व सावन हैं। पिता की असमय मौत से चारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
एसीपी गन्नौर जसपाल सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह खेत में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मृतक के सिर पर वार कर उसकी हत्या की गई है। घटनास्थल के पास से एक डंडा बरामद हुआ है। परिजनों ने दो युवकों पर शक जताया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।