Summer express, बहादुरगढ़। झज्जर जिले के गांव मांडौठी में पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हथियारों से लैस हमलावरों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस वारदात में हरदीप और उसका दोस्त जोगेंद्र गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का बहादुरगढ़ के अलग-अलग निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों ने फिलहाल दोनों को बयान देने के लिए अनफिट बताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सात नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास, धमकी और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, रात करीब सवा आठ बजे हरदीप के पिता बल्लू का बड़ा बेटा हरिओम फार्म हाउस से घर लौट रहा था। रास्ते में वैन्यू कार में सवार मुकेश उर्फ गुंगा, उसका बेटा साहिल, भोन्दू और रोहित ने उसे रोक लिया। आरोप है कि सभी के पास हथियार थे और उन्होंने हरिओम को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हरिओम ने फोन कर अपने भाई प्रदीप को पूरी घटना की जानकारी दी।
शिकायत के मुताबिक, रात करीब साढ़े आठ बजे हथियारों से लैस आरोपी जोगेंद्र के घर के बाहर पहुंच गए। उस समय हरदीप अपने दोस्त जोगेंद्र के साथ वहां बैठा हुआ था। जैसे ही दोनों युवक घर से बाहर निकले, हमलावरों ने हरदीप को निशाना बनाकर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग में हरदीप और जोगेंद्र दोनों को गोली लगी। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों का पीछा किया और गली में भी जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं।
चिकित्सकीय रिपोर्ट के अनुसार, जोगेंद्र के दाईं ओर छाती में गोली लगी है। इसके अलावा उसकी दाहिनी कोहनी के ऊपर और नाक की हड्डी पर भी चोट आई है। वहीं, हरदीप को भी शरीर में दो जगह गोली लगी है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान घटनास्थल पर तीन स्थानों से खून से सनी मिट्टी के नमूने लिए गए। पुलिस ने मौके से 14 खाली कारतूस के खोल, तीन सिक्के और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद कर कब्जे में लिए हैं।
एसएचओ जयभगवान के अनुसार, शिकायत के आधार पर मुकेश उर्फ गुंगा, साहिल, भतेरी, कृष्ण, भोन्दू, रोहित उर्फ काला और सोनू सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वारदात के पीछे की रंजिश और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।