Summer express, शिमला (संजू)। स्पाइना बिफिडा जैसी जन्मजात बीमारी से पीड़ित बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला में 14 नवंबर को विशेष ओपीडी आयोजित की जाएगी। इसमें 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम स्वास्थ्य जांच करेगी और बीमारी की स्थिति के अनुसार उपचार संबंधी परामर्श देगी। जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क व्हीलचेयर, विशेष ब्रेसिज और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने में भी मदद की जाएगी।
आईजीएमसी के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. राजकुमार ठाकुर ने बताया कि अस्पताल में पहली बार स्पाइना बिफिडा को लेकर विशेष सतत चिकित्सा शिक्षा (सीएमई) और आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है।
डॉ. ठाकुर के अनुसार, स्पाइना बिफिडा एक जन्मजात बीमारी है, जिसमें बच्चे के जन्म के समय रीढ़ की हड्डी पूरी तरह विकसित होकर बंद नहीं हो पाती। इसके कारण रीढ़ की हड्डी के भीतर मौजूद स्पाइनल कॉर्ड और उससे जुड़ी नसें प्रभावित हो सकती हैं। इस बीमारी से पीड़ित बच्चों को चलने-फिरने, पेशाब और मल त्याग करने में परेशानी हो सकती है। ऐसे बच्चों को लंबे समय तक उपचार, विशेष देखभाल और पुनर्वास की जरूरत रहती है।
उन्होंने बताया कि आईजीएमसी में वर्ष 2018 से स्पाइना बिफिडा से पीड़ित बच्चों के ऑपरेशन किए जा रहे हैं। अब तक अस्पताल में करीब 45 बच्चों का सफल ऑपरेशन किया जा चुका है। इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने के साथ अभिभावकों को बीमारी की देखभाल, उपचार और भविष्य में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
स्पाइना बिफिडा फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में उन बच्चों को भी परामर्श दिया जाएगा, जिनका उपचार या ऑपरेशन आईजीएमसी के अलावा टांडा और पीजीआई में हुआ है। चलने-फिरने में परेशानी का सामना कर रहे बच्चों की शारीरिक जरूरत के अनुसार कस्टमाइज्ड व्हीलचेयर, विशेष ब्रेसिज और अन्य सहायक उपकरण तैयार करवाने में सहयोग किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक बच्चे का माप लिया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को ये उपकरण निःशुल्क उपलब्ध करवाने का प्रयास रहेगा।
डॉ. ठाकुर ने बताया कि विशेष ओपीडी आईजीएमसी की नई ओपीडी के कमरा नंबर 206 में आयोजित होगी। यह सुबह 9:30 से 10 बजे के बीच शुरू होगी और शाम 5 से 6 बजे तक चलेगी। कार्यक्रम में आने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए खानपान की व्यवस्था भी की जाएगी।
इसके अलावा 15 नवंबर को स्पाइना बिफिडा पर अकादमिक सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टर बीमारी के उपचार, पेशाब और मल त्याग से जुड़ी समस्याओं के प्रबंधन तथा प्रभावित बच्चों को सामान्य जीवन और स्कूल की गतिविधियों से जोड़ने जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।
डॉ. राजकुमार ठाकुर ने प्रदेशवासियों और मीडिया से अपील की है कि इस विशेष ओपीडी की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाएं, ताकि स्पाइना बिफिडा से पीड़ित बच्चों को विशेषज्ञ परामर्श, उचित उपचार और जरूरी सहायक उपकरणों का लाभ मिल सके।