Summer express, चंडीगढ़ (अंकुर कपूर)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यमुनानगर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बार मेले का आयोजन भव्य और शानदार स्वरूप में किया जाए, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। यह वार्षिक मेला 20 से 24 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में श्रद्धालुओं को सिख धर्म के इतिहास और विरासत से रूबरू कराने के लिए विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें सिखों के सभी दस गुरुओं के जीवन, शिक्षाओं और योगदान का सचित्र वर्णन किया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 1857 की स्वतंत्रता क्रांति की स्मृति में अंबाला में बनाए गए स्मारक से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, ताकि श्रद्धालु देश के स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास की जानकारी हासिल कर सकें।
मेले में हरियाणा सरकार की विकासपरक योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रदेश में चल रही विभिन्न जनकल्याणकारी और विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदर्शनी को जानकारीपूर्ण और आकर्षक बनाया जाए।
कपालमोचन मेले के दौरान सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत ड्रोन शो के साथ लाइट एंड साउंड शो का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं से परिचित कराया जाएगा।
इसके अलावा संत महापुरुष प्रचार-प्रसार योजना के तहत 24 नवंबर को बिलासपुर में सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की राज्य स्तरीय जयंती मनाई जाएगी। सरकार की ओर से इस आयोजन को लेकर भी विशेष तैयारियां की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों की व्यवस्था बेहतर तरीके से सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।