Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर)। छठ महापर्व नजदीक आते ही बिहार और पूर्वांचल जाने वाले प्रवासी यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। त्योहार अपने परिवार के साथ मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों का रुख कर रहे हैं, लेकिन रेलवे की पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर बिहार जाने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने तक की जगह नहीं मिल रही और कई लोग दरवाजों पर लटककर सफर करने को मजबूर हैं।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच अव्यवस्थाओं की तस्वीरें भी सामने आ रही हैं। ट्रेन में जगह पाने के लिए कोई खिड़की के रास्ते अंदर जाने की कोशिश कर रहा है तो कोई दरवाजे पर लटककर यात्रा कर रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति उन यात्रियों की है, जो ट्रेन में चढ़ने के लिए रेलवे ट्रैक का सहारा ले रहे हैं। इस तरह जान जोखिम में डालकर सफर करने की कोशिश किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
छठ महापर्व और दीपावली के दौरान हर साल बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी होती है। इसके बावजूद रेलवे प्रशासन की ओर से समय रहते अतिरिक्त ट्रेनों और मौजूदा ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या का अनुमान पहले से होने के बावजूद पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से स्टेशन पर स्थिति बिगड़ती नजर आ रही है।
यात्रियों का कहना है कि वे अपने परिवार के साथ छठ महापर्व मनाने के लिए घर जाना चाहते हैं, लेकिन ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ के कारण सफर करना मुश्किल हो गया है। ट्रेन में चढ़ने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि भीड़ को देखते हुए तत्काल अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएं और मौजूदा ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएं, ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंचने का मौका मिल सके।