एजेंसी | न्यूयॉर्क
अमेरिका की न्यूयॉर्क स्थित एक अदालत ने खालिस्तान समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से दायर दीवानी मुकदमे में महत्वपूर्ण आदेश दिया है। अदालत ने पन्नू को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और खुफिया एजेंसी रॉ के पूर्व प्रमुख समंत गोयल को दिल्ली की भारतीय अदालतों के माध्यम से कानूनी दस्तावेज भेजने की अनुमति दे दी है।
सोमवार को जारी आदेश में अमेरिकी अदालत ने कहा कि पन्नू की ओर से डोभाल और गोयल को भारतीय अदालतों के माध्यम से नोटिस भेजने का अनुरोध स्वीकार किया जाता है। इसके लिए 30 नवंबर 2026 तक की समय सीमा निर्धारित की गई है।
गौरतलब है कि पन्नू ने अमेरिका में एक दीवानी मुकदमा दायर किया है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख समंत गोयल को भी प्रतिवादी बनाया गया है। भारत सरकार गुरपतवंत सिंह पन्नू को आतंकवादी घोषित कर चुकी है। वहीं, उसके संगठन सिख्स फॉर जस्टिस को गैरकानूनी संगठन घोषित किया गया है। उस पर भारतीय राजनयिकों के खिलाफ हिंसा भड़काने के आरोप हैं।
पहले भी अदालत ने खारिज किया था पन्नू का दावा
इससे पहले अप्रैल 2025 में इसी अमेरिकी अदालत ने पन्नू के उस दावे को खारिज कर दिया था, जिसमें उसने कहा था कि फरवरी 2025 में अजीत डोभाल की वाशिंगटन यात्रा के दौरान उन्हें अदालत के दस्तावेज और समन सौंपे गए थे।
अदालत ने उस समय स्पष्ट किया था कि डोभाल को संबंधित कानूनी दस्तावेज सौंपे जाने की पुष्टि नहीं हुई थी। अब अदालत ने भारतीय न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से दस्तावेज भेजने की अनुमति दी है।