summer express, शिमला, संजू | हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आदतन नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने PIT-NDPS अधिनियम, 1988 के तहत आठ और आदतन नशा तस्करों को निरुद्ध किया है। इन सभी को तीन महीने की अवधि के लिए मॉडल सेंट्रल जेल कंडा में रखा गया है। इस कार्रवाई के साथ ही वर्ष 2026 में अब तक इस कानून के तहत निरुद्ध किए गए नशा तस्करों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है।
ASP शिमला सिटी मेहर पंवर ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसमें नशा तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ बार-बार इस अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई भी की जा रही है। इसी कड़ी में सक्षम प्राधिकारी हिमाचल प्रदेश की ओर से जारी आदेशों के बाद आठ आरोपियों को निरुद्ध किया गया है।पुलिस के अनुसार, निरुद्ध किए गए आरोपियों में अमित लूथरा और सुनील कुमार के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत दो-दो मामले दर्ज हैं। वहीं अत्तर सिंह, रुब्बल जडाइक और राजू चौहान के खिलाफ चार-चार मामले दर्ज हैं। इसके अलावा महेश ठाकुर, गोपी चंद और मोहित वर्मा के खिलाफ भी NDPS एक्ट के तहत दो-दो मामले दर्ज हैं। इन सभी के खिलाफ 4 और 5 नवंबर 2026 को निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
ASP मेहर पंवर ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक 51 लोगों को PIT-NDPS एक्ट के तहत निरुद्ध किया जा चुका है। इसकी तुलना में वर्ष 2025 में केवल तीन लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हुई थी, जबकि वर्ष 2023 और 2024 में इस अधिनियम के तहत किसी को भी निरुद्ध नहीं किया गया था।उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आदतन नशा तस्करों और सप्लायरों को दोबारा नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय होने से रोकना है। शिमला पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ गिरफ्तारी के साथ-साथ निवारक कार्रवाई भी लगातार जारी रखेगी।