Summer express, गुरुग्राम, हरियाणा। गुरुग्राम के सेक्टर-71 स्थित एक बिल्डर कंपनी के गोल्फ कोर्स में बने मिनी तालाब में डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चियों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसा शाम का बताया जा रहा है। चारों बच्चियां तालाब में नहाने के लिए पहुंची थीं। घटना के बाद गोल्फ कोर्स परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चारों बच्चियां गोल्फ कोर्स परिसर में लगे टीनशेड को तोड़कर अंदर दाखिल हुई थीं। इसके बाद वे वहां बने मिनी तालाब में नहाने लगीं। इसी दौरान दो बच्चियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। हादसे में दोनों की मौत हो गई। मृतक बच्चियों की उम्र करीब 12 से 13 वर्ष बताई जा रही है। वहीं, अन्य दो बच्चियों को किसी तरह सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिहार के दरभंगा निवासी रामविनय महतो की शिकायत पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि गोल्फ कोर्स परिसर में बने तालाब के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि परिसर में प्रवेश रोकने के लिए लगाए गए टीनशेड और अन्य सुरक्षा इंतजामों के बावजूद बच्चियां अंदर कैसे पहुंचीं। हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों और संभावित लापरवाही की भी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स के तालाब में बच्चों के डूबने का यह पहला मामला नहीं है। करीब तीन महीने पहले एंबिएंस आईलैंड स्थित एक गोल्फ कोर्स में भी ऐसा ही हादसा हुआ था। उस दौरान नाथूपुर में रहने वाले चार बच्चे दीवार फांदकर गोल्फ कोर्स परिसर में दाखिल हो गए थे। तालाब में नहाने के दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने गोल्फ कोर्स और अन्य निजी परिसरों में बने जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।