समर न्यूज | लुधियाना
द समर न्यूज की ओर से आयोजित समर टी-20 कप सीजन-2 के पहले मुकाबले में आप एवेंजर्स ने शानदार बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए अकाली दल डायनासोर्स को 47 रनों से शिकस्त दी। मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन आप एवेंजर्स के बल्लेबाज बिंदा मान की विस्फोटक पारी ने मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ दिया।
आप एवेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए। इसके जवाब में अकाली दल डायनासोर्स की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 181 रन ही बना सकी। इस तरह आप एवेंजर्स ने 47 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
{बिंदा मान ने 11 छक्के लगाकर मचाया धमाल
आप एवेंजर्स की बल्लेबाजी का सबसे बड़ा आकर्षण बिंदा मान की शानदार पारी रही। उन्होंने मैदान के चारों ओर आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 36 गेंदों में नाबाद 99 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और 11 शानदार छक्के निकले। बिंदा मान का स्ट्राइक रेट 275 रहा। उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और अपनी टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि, वह महज एक रन से अपना शतक पूरा करने से चूक गए, लेकिन उनकी यह पारी मुकाबले की सबसे यादगार पारियों में शामिल रही।
{मनिंदर सिंह और गैबी ने भी दिया महत्वपूर्ण योगदान
आप एवेंजर्स की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। सलामी बल्लेबाज चेतन थापर महज 4 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद गैबी गेम स्मैशर्स ने 18 गेंदों पर 24 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
मनिंदर सिंह ने जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 39 रन बनाए। उनकी पारी में 3 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं, अंकुर गुलाटी ने 12 रन, सुरिंदर शर्मा ने 10 रन और टिंडी ने 6 रन का योगदान दिया।
आप एवेंजर्स की पारी में अतिरिक्त रनों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विपक्षी गेंदबाजों ने कुल 33 अतिरिक्त रन दिए, जिनमें 27 वाइड गेंदों के रन शामिल थे। इस तरह टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 228 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
{रत्तन वरैच और सोनू ने झटके दो-दो विकेट
अकाली दल डायनासोर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए रत्तन वरैच और सोनू ने दो-दो विकेट हासिल किए। रत्तन वरैच ने अपने चार ओवरों में 36 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि सोनू ने तीन ओवरों में 41 रन देकर दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
निर्मल एल्डेको और दलबीर ने एक-एक विकेट हासिल किया। हालांकि, बिंदा मान की आक्रामक बल्लेबाजी के कारण विपक्षी गेंदबाज आप एवेंजर्स को बड़ा स्कोर बनाने से नहीं रोक सके।
{अकाली दल डायनासोर्स ने किया संघर्ष, लेकिन लक्ष्य रहा दूर
229 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी अकाली दल डायनासोर्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज दारा ने महज 8 गेंदों में 19 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और एक छक्का शामिल था। हालांकि, सुरिंदर शर्मा ने उन्हें पगबाधा आउट कर टीम को पहली सफलता दिलाई। कप्तान चन्नी 8 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ललित शर्मा केवल 4 रन बना सके। इसके बाद रत्तन वरैच ने पारी को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने 30 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
अकाली दल डायनासोर्स की ओर से आशिम मोहिंद्रा ने भी शानदार संघर्ष किया। उन्होंने 26 गेंदों में 35 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 5 चौके और एक छक्का निकला। निर्मल एल्डेको ने 13 गेंदों में 16 रन बनाए, जबकि करण वीर सिंह 4 रन और दलबीर बिना खाता खोले आउट हो गए।
उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, एडवोकेट दीपक 10 गेंदों में 7 रन बनाकर नाबाद रहे। हालांकि, इन प्रयासों के बावजूद अकाली दल डायनासोर्स की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट पर 181 रन ही बना सकी।