Summer express, गोहाना (सोनीपत)। हरियाणा में अवैध शराब की तस्करी करने वाले आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सोनीपत के गोहाना में सामने आया है, जहां एक तस्कर ने अपनी सफेद ईको कार पर एंबुलेंस लिखवा रखा था, ताकि पुलिस की जांच से बचकर अवैध शराब की सप्लाई की जा सके। हालांकि, क्राइम यूनिट गोहाना की टीम ने आरोपी की इस चाल को नाकाम करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार से अंग्रेजी शराब की 92 पेटियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, क्राइम यूनिट गोहाना की टीम गांव गामड़ी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव बजाना कलां निवासी प्रदीप उर्फ भगता चंडीगढ़ से अपनी सफेद रंग की ईको कार में अवैध शराब की खेप लेकर गांव की ओर जा रहा है। आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने और रास्ते में होने वाली जांच से निकलने के लिए कार पर एंबुलेंस लिखवा रखा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना देरी किए गोहाना-खानपुर कलां रोड पर गांव गामड़ी से पहले नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद गोहाना की तरफ से एंबुलेंस लिखा हुआ एक सफेद रंग का ईको वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया और उसकी जांच शुरू कर दी।
कार चला रहे व्यक्ति को मौके पर ही काबू कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान प्रदीप उर्फ भगता निवासी गांव बजाना कलां, जिला सोनीपत के रूप में हुई। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से अंग्रेजी शराब की 92 पेटियां बरामद हुईं। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी चंडीगढ़ से शराब लेकर आ रहा था और एंबुलेंस लिखी गाड़ी के जरिए पुलिस की चेकिंग से बचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बरामद शराब और ईको कार को कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।