कसौली पुलिस ने आरोपी को पिस्तौल सहित दबोचा, मोटरसाइकिल भी जब्त; आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
कसौली। जिला सोलन के पुलिस थाना कसौली के तहत एक महिला को पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और उसका पीछा करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पिस्तौल बरामद करने के साथ उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, बंगोआ निवासी एक महिला ने 10 नवंबर 2026 को शिकायत दर्ज करवाई कि नरेन्द्र कुमार (37), पुत्र स्वर्गीय मनोहर लाल, निवासी नबीपुर कॉलोनी, तहसील एवं जिला गुरदासपुर (पंजाब), उसके घर में घुस आया। इस दौरान आरोपी ने महिला के बेटे के सामने उस पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने के साथ-साथ खुद आत्महत्या करने की धमकी भी दी।शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी शाम करीब पांच बजे दोबारा उसके घर पहुंचा। इसके बाद उसने महिला का पीछा किया और पुलिस चौकी कुठाड़ तक जा पहुंचा। वहां भी आरोपी पिस्तौल निकालकर खुद को गोली मारने की धमकी देता रहा।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी कुठाड़ में तैनात कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पिस्तौल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी हथियार रखने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर पाया।इस मामले में पुलिस थाना कसौली में एफआईआर संख्या 86/2026, दिनांक 11 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 333 व 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27/54/59 के तहत मामला दर्ज किया गया है।पुलिस ने 11 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर पिस्तौल और मोटरसाइकिल जब्त कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।