Summer express/शिमला। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में जीते गए मामलों को अपनी उपलब्धि बताकर मुख्यमंत्री राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हिमाचल की धरोहरों और संपत्तियों को बेचने में जुटी हुई है। वाइल्ड फ्लावर हॉल को निजी कंपनी को सौंपने के मामले में पारदर्शिता नहीं बरती गई। उन्होंने कहा कि सरकार दो बार विधानसभा में धारा 118 में बदलाव के लिए विधेयक लेकर आई, लेकिन विपक्ष के विरोध के चलते उन्हें रोकना पड़ा।उन्होंने मेडिकल डिवाइस पार्क का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि सरकार से जुड़े लोगों और उनके करीबियों को प्लॉट आवंटित किए गए। उनका कहना था कि यह परियोजना प्रदेश की आर्थिक तस्वीर बदल सकती थी, लेकिन सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।पूर्व मुख्यमंत्री ने एचपीटीडीसी के होटलों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले 14 होटल बेचने की तैयारी की गई, लेकिन विरोध के बाद आठ होटलों को लीज पर देने का फैसला लिया गया। उन्होंने हिम चंडीगढ़ योजना पर भी सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि भविष्य में यह भ्रष्टाचार का केंद्र बन सकती है।जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोगों से जबरन जमीनें लेने की कार्रवाई हो रही है और पंचायत प्रतिनिधियों पर एनओसी देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से सभी मामलों में पारदर्शिता बरतने और जनता के हितों की रक्षा करने की मांग की।