Summer express/कुल्लू /मनमिंदर अरोड़ा -:राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के ढालपुर मैदान में एकत्रित होकर मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला जलाकर गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई और महिपाल मकराना की तत्काल रिहाई की मांग उठाई।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमर ठाकुर ने कहा कि महिपाल मकराना देशभर में यूजीसी बिल के विरोध और सामाजिक समानता के मुद्दे को लेकर यात्राएं कर रहे थे। इसी सिलसिले में वह मध्य प्रदेश में अपनी पांचवीं यात्रा पर थे, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
अमर ठाकुर ने गिरफ्तारी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि समाज में समानता और युवाओं के अधिकारों की बात उठाने वालों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा रोजगार और समान अवसर चाहता है। सरकारों को युवाओं की इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक कदम उठाने चाहिए।उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार से महिपाल मकराना को जल्द रिहा करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी रिहाई नहीं हुई तो राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों में आंदोलन तेज करेगी और जगह-जगह धरने-प्रदर्शन किए जाएंगे।