Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय का 10वां दीक्षांत समारोह 22 नवंबर को आयोजित होने जा रहा है। समारोह में भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने धर्मशाला में पत्रकार वार्ता कर समारोह की रूपरेखा और विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी।
702 विद्यार्थियों को मिलेंगी डिग्रियां, 32 को गोल्ड मेडल
कुलपति के अनुसार, दीक्षांत समारोह में वर्ष 2024 तक अपनी पढ़ाई पूरी कर चुके 702 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 32 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। खास बात यह है कि गोल्ड मेडल हासिल करने वालों में छात्राओं की संख्या छात्रों से काफी अधिक है। कुल 32 स्वर्ण पदकों में 23 छात्राएं और 9 छात्र शामिल हैं।इसके अलावा 48 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। स्नातकोत्तर वर्ग में 584 और स्नातक वर्ग में 29 विद्यार्थियों को डिग्रियां मिलेंगी। समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण पोर्टल भी खोल दिया गया है और अब तक करीब 450 विद्यार्थी अपनी उपस्थिति की पुष्टि कर चुके हैं।समारोह से पहले 21 नवंबर को दोपहर दो बजे फुल ड्रेस रिहर्सल होगी। विद्यार्थियों के लिए भारतीय पारंपरिक परिधान निर्धारित किए गए हैं। वहीं, कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय ने क्यूएस और टाइम्स हायर एजुकेशन जैसी अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी अपनी जगह बनाई है। परिसर में रुके हुए निर्माण कार्यों के लिए ग्रांट मिलने के बाद काम दोबारा शुरू हो गया है और इन्हें मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देहरा परिसर में भविष्य में शिफ्टिंग के बावजूद धर्मशाला और शाहपुर परिसरों में वर्तमान पाठ्यक्रम पहले की तरह जारी रहेंगे।