Summer express, फरीदाबाद | फरीदाबाद के कच्चा खेड़ी रोड पर सेंट्रल बैंक के पास कार हटाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक ने पिस्टल से फायरिंग कर दो युवकों को गोली मार दी। घायलों की पहचान भारत कॉलोनी निवासी प्रिंस जांगड़ा और प्रशांत जांगड़ा के रूप में हुई है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें उपचार के लिए सेक्टर-21ए स्थित एशियन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायत के अनुसार, रात करीब 9:20 बजे पीयूष अपने चचेरे भाई प्रशांत जांगड़ा, प्रिंस जांगड़ा और अन्य परिजनों के साथ प्रशांत की कार में सवार होकर दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहे थे। जब वे कच्चा खेड़ी रोड पर भारत कॉलोनी के सामने पहुंचे तो रास्ते में एक ब्रेजा कार खड़ी मिली। पीयूष और उनके साथियों ने कार चालक से वाहन साइड में करने को कहा, लेकिन उसने रास्ता नहीं दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि ब्रेजा कार चालक ने अपनी गाड़ी शिकायतकर्ता पक्ष की कार के आगे लगा दी और नीचे उतरकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने अपना नाम जसवंत बताया और उन्हें धमकियां दीं। शिकायत में कहा गया है कि जसवंत ने उन्हें गोली मारने की धमकी देते हुए पिस्टल निकाल ली और फायरिंग शुरू कर दी।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी ने जान से मारने की नीयत से कई गोलियां चलाईं, जिनमें प्रशांत और प्रिंस घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने किसी तरह अपनी जान बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी ने इसके बाद दोबारा फायरिंग की और मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को एशियन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। शिकायत में गोली चलाने के आरोपी जसवंत के पिता के दिल्ली पुलिस में सब-इंस्पेक्टर होने की बात भी कही गई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
पीयूष ने 13 नवंबर को खेड़ीपुल थाने में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है और फायरिंग की घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल में जुटी है।