समर न्यूज | चंडीगढ़
चंडीगढ़ में लंबे समय से लंबित यातायात चालानों का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। चंडीगढ़ जिला अदालत 16 नवंबर से लंबित चालानों के निपटारे के लिए विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत पहले चरण में 8,500 चालानों का निपटारा किया जाएगा।
इस अभियान के तहत शुरुआत में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 के अंतर्गत जारी किए गए चालानों का निपटारा किया जाएगा। इनमें जेब्रा क्रॉसिंग के नियमों का उल्लंघन और गलत स्थान पर वाहन खड़ा करने से संबंधित चालान शामिल हैं। इन उल्लंघनों के लिए अधिनियम के तहत 500 रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है, लेकिन विशेष अभियान के दौरान केवल 100 रुपये का भुगतान करना होगा।
{17 अदालतों को सौंपे गए 8,500 चालान: विशेष अभियान के पहले चरण में सितंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच जारी किए गए 8,500 लंबित यातायात चालानों को शामिल किया गया है। इनके निपटारे के लिए 17 अदालतों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक अदालत को 500 चालान आवंटित किए गए हैं।
इन सभी चालानों की सूची चंडीगढ़ जिला अदालत की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है। वाहन चालक वेबसाइट पर जाकर अपने चालान की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
{ऑनलाइन और अदालत में कर सकेंगे भुगतान: चालानों के भुगतान के लिए जिला अदालत की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रत्येक अदालत का अलग भुगतान लिंक उपलब्ध करवाया गया है। वाहन चालक संबंधित लिंक के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। इसके अलावा अदालत परिसर में उपलब्ध भुगतान मशीनों के माध्यम से भी जुर्माना जमा करवाया जा सकता है। एनईएफटी या नेट बैंकिंग के माध्यम से भुगतान करने पर मामूली बैंक शुल्क देना होगा, जबकि यूपीआई के माध्यम से भुगतान करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा।
{साइबर ठगी से बचने के लिए बरतें सावधानी: लंबित चालानों से संबंधित जानकारी वाहन चालकों को अदालत की स्वचालित सीआईएस प्रणाली के माध्यम से संदेश भेजकर दी जा रही है। इन संदेशों में चालान का टीआरएफ नंबर और तारीख सहित जानकारी उपलब्ध होगी।
साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए इन संदेशों में किसी भी प्रकार का भुगतान लिंक नहीं भेजा जाएगा। वाहन चालक चालान का भुगतान करने के लिए केवल चंडीगढ़ जिला अदालत की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक का ही इस्तेमाल करें। इस विशेष अभियान से
वाहन चालकों को कम जुर्माना देकर अपने पुराने लंबित चालानों का निपटारा करवाने का
अवसर मिलेगा।