समर न्यूज। चंडीगढ़
पंजाब पुलिस के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच का दायरा बढ़ गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अब पंजाब के सात सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन जारी किए हैं। इनमें पांच प्रशासनिक अधिकारी और दो पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भुल्लर के कथित बिचौलिए कृष्णानु शारदा के माध्यम से सरकारी अधिकारियों को अनुचित लाभ पहुंचाने और तबादलों तथा नियुक्तियों में पैसों के लेनदेन का कोई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था। जिन अधिकारियों को बुलाया गया है, उनमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रशासनिक सचिव कुमार राहुल, पीसीएस अधिकारी आनंद सागर शर्मा, विशेष सचिव नीरू कात्याल गुप्ता, फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह और लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा शामिल हैं। दो सेवानिवृत्त अधिकारियों गुरप्रीत सापरा और अरुण सेखड़ी को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
{पूछताछ का कार्यक्रम: ईडी ने अधिकारियों को अलग-अलग तारीखों पर चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में पेश होने के लिए कहा है। कुमार राहुल को 23 नवंबर, आनंद सागर शर्मा और अरुण सेखड़ी को 25 नवंबर, जबकि नीरू कात्याल गुप्ता, गगन अजीत सिंह और गुरप्रीत सापरा को 26 नवंबर को बुलाया गया है। लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा को 27 नवंबर को पेश होने का समन मिला है।
{भुल्लर की गिरफ्तारी से शुरू हुई जांच: यह मामला अक्टूबर 2025 में मंडी गोबिंदगढ़ के कबाड़ कारोबारी आकाश बट्टा की शिकायत के बाद सामने आया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि पुलिस केस में राहत दिलाने के बदले भुल्लर ने बिचौलिए कृष्णानु शारदा के माध्यम से रिश्वत मांगी थी। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 16 अक्टूबर 2025 को दोनों को गिरफ्तार किया था। भुल्लर के परिसरों की तलाशी में 7.36 करोड़ रुपये नकद और करीब 2.32 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण मिलने की बात सामने आई थी। बाद में आय से अधिक संपत्ति का मामला भी दर्ज हुआ।
ईडी ने अब जांच को व्यापक भ्रष्टाचार नेटवर्क के संभावित पहलुओं तक पहुंचाया है। हालांकि, जिन सात अधिकारियों को समन जारी किए गए हैं, उनके खिलाफ किसी अपराध में संलिप्तता साबित नहीं हुई है। पूछताछ का उद्देश्य मामले से जुड़े आरोपों और वित्तीय लेनदेन की कड़ियों की जांच करना है।